
चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के पास कोई मुद्दा नहीं है। जनता को बताने के लिए इनके पास कोई बात नहीं है तो फालतू की बातों को उठाकर लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम करते रहते हैं।

लोकजनशक्ति पार्टी रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को कानूनी कार्रवाई के चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि राजद नेता बेवजह बदनाम करते हैं कि एनडीए की सरकार बनी तो आरक्षण को खत्म कर दिया जाएगा। एलजेपीआर सुप्रीमो ने कहा है कि अगर उन्होंने यह बोलना बंद नहीं किया तो मजबूरन कानूनी कार्रवाई के लिए कदम आगे बढ़ना पड़ेगा। चिराग पासवान ने लालू यादव के पुत्र तेजस्वी यादव समेत विपक्ष के नेताओं पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।मीडिया से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि विपक्षी गठबंधन के पास कोई मुद्दा नहीं है। जनता को बताने के लिए कोई बात नहीं है तो फालतू की बातों को उठाकर ये लोगों की भावनाओं को भड़काने का काम करते रहते हैं। संविधान और आरक्षण खत्म करने का इनका बयान सरासर झूठ है। कोई ऐसा कर ही नहीं सकता। अगर उन लोगों ने मुझे बदनाम किया है तो बहुत गलत बात है। अगर ये लोग अपने बयान को मेरे साथ जोड़कर कुछ कहते हैं तो हमारी पार्टी की ओर से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चिराग पासवान ने कहा कि विपक्ष के लोग सिर्फ झूठ फैला रहे हैं और गलत बयानी करके लोगों का वोट हासिल करने की फिराक में हैं। चिराग पासवान ने दावा किया कि बिहार की सभी चालीस लोकसभा सीटों पर एनडीए के उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे।
