
पाटलिपुत्रा न्यूज @ स्पोर्ट्स डेस्क: अफगानिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों भारत में है और वो न्यूजीलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेल रही है. अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच यह टेस्ट मैच 9 से 13 सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम खेला जा रहा है. मगर मुकाबले के पहले ही दिन बारिश का असर देखने को मिला और गीली आउटफील्ड के कारण खेल शुरू ही नहीं हो पाया. मैच का पहला दिन बगैर बॉल डाले ही धुल गया. इसी बीच अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) के अधिकारियों ने स्टेडियम में व्याप्त असुविधाओं से नाराजगी जताई है. बता दें कि अफगानिस्तान की टीम अपने घरेलू मुकाबले भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में ही खेलती है.

यह टीम अपने घरेलू मैच भारत के 3 वेन्यू ग्रेटर नोएडा, लखनऊ और देहरादून में खेलती है. अधिकारी ने आजतक से बात करते हुए बताया कि उनकी टीम इस स्टेडियम की व्यवस्था से बिल्कुल भी खुश नहीं है और वो इस स्टेडियम में फिर कभी नहीं आएंगे. उन्होंने बताया कि अफगानी प्लेयर यहां पर भोजन से ट्रेनिंग सुविधा तक किसी भी चीज से खुश नहीं हैं.
